उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि बाइक चलाने को लेकर हुआ विवाद था।
पुलिस के मुताबिक, बकरीद के दिन सुबह सूर्या और मुख्य आरोपी के बीच बाइक को लेकर कहासुनी हुई थी। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बाद में यह खूनी वारदात में बदल गया। सूत्रों के अनुसार, हमले के दौरान चाकू सूर्या के शरीर में करीब चार इंच तक घुस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने हत्या की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता नवाब, उसके साथी आतिफ और फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हत्या के बाद खोड़ा क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालात ऐसे रहे कि मुख्य बाजार की आधे से ज्यादा दुकानें पूरे दिन बंद रहीं। कई दुकानदारों ने एहतियातन केवल आधे शटर खोलकर कारोबार किया। गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों की छतों से हालात पर नजर रखते दिखाई दिए।
इस बीच प्रदेश सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि सूर्या की हत्या बेहद पीड़ादायक और हृदय विदारक है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी और यह समाज के लिए एक कड़ा संदेश होगा।
उधर, सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं क्षेत्र में एक और मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद खोड़ा नगरपालिका की चेयरमैन मोहिनी शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचीं। इसे लेकर लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल भी उठाए हैं।
अब पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है और लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि आरोपियों को कब और कैसी सजा मिलती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.