जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज (31 मई) जयपुर पहुंचेंगे। वे अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम जयपुर के एंटरटेनमेंट पैराडाइज स्थित सेंट्रल लॉन में आयोजित किया गया है।
जेपी नड्डा दिल्ली से सुबह 11:10 बजे फ्लाइट द्वारा जयपुर के लिए रवाना होंगे।
दोपहर 12:45 बजे एमएनआईटी के विवेकानंद लैक्चर थियेटर कॉम्पलेक्स में विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे।
इसके बाद वे दोपहर 1:50 बजे एमएनआईटी से झालाना RIC पहुंचेंगे, जहां 2 से 3 बजे के बीच अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम आयोजित है।
दोपहर 3:40 बजे वे जवाहर सर्किल से खुली जीप में एंटरटेनमेंट पैराडाइज कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां हजारों कार्यकर्ता और महिलाएं तिरंगा लेकर स्वागत करेंगी।
शाम 6:20 बजे जेपी नड्डा मुख्यमंत्री आवास भी जाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ सहित अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल का पूर्वावलोकन कर चुके हैं। भाजपा महिला मोर्चा और अन्य कार्यकर्ता भी इस भव्य आयोजन में उपस्थित रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि देशभर में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में आयोजित महासम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं, जबकि जयपुर में जेपी नड्डा इस जयंती को संबोधित करेंगे।
जेपी नड्डा जवाहर सर्किल से एंटरटेनमेंट पैराडाइज तक तिरंगा यात्रा का हिस्सा होंगे। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता और आम जनता तिरंगा लेकर स्वागत करेगी। यह यात्रा पार्टी की एकता और देशभक्ति की भावना को भी दर्शाएगी।
जेपी नड्डा का जयपुर दौरा बीजेपी के लिए खास है क्योंकि यह पार्टी की मजबूती और राजस्थान में आगामी चुनावी तैयारियों का संकेत देता है। अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में यह भव्य आयोजन पार्टी की सांस्कृतिक विरासत और नेतृत्व के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.