जयपुर। देशभर में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शास्त्रों में इस दिन को शुभ मुहूर्त माना जाता है और इसी मान्यता का असर जयपुर में साफ नजर आया। शहर में कार और बाइक की रिकॉर्ड बिक्री हुई और नई गाड़ियों की पूजा के लिए मंदिरों के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से शाम तक मोतीडूंगरी गणेश मंदिर के बाहर नए वाहनों की पूजा कराने वालों की लंबी लाइन लगी रही। जेएलएन मार्ग पर एक के बाद एक नई गाड़ियां पहुंचती रहीं, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। लोग बसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त में वाहन पूजा कराने के लिए विशेष रूप से यहां पहुंचे।
बसंत पंचमी के मौके पर केवल आम कारें ही नहीं, बल्कि मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, टोयोटा, टाटा, महिंद्रा, हुंडई, मारुति सुजुकी जैसी कंपनियों की लग्जरी और मिड-सेगमेंट कारों की भी बड़ी संख्या में डिलीवरी हुई। इसके साथ ही टू-व्हीलर की बिक्री भी जमकर हुई।
मलमास समाप्त होने के बाद बसंत पंचमी ऐसा पहला बड़ा अवसर रहा, जब एक ही दिन में वाहनों की रिकॉर्ड डिलीवरी देखने को मिली। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के वाइस प्रेसिडेंट साईं गिरधर ने बताया कि मलमास के कारण करीब एक महीने तक वाहन खरीदारी टली रही, इसलिए इस शुभ दिन पर लोगों ने जमकर खरीदारी की।
साईं गिरधर के अनुसार, फिलहाल यह बताना मुश्किल है कि कुल कितनी गाड़ियां बिकी हैं। अगले एक-दो दिनों में जब सभी वाहनों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा, तब सटीक आंकड़े सामने आएंगे। हालांकि, एक ही दिन में हुई डिलीवरी को ऑटो सेक्टर के लिए रिकॉर्ड माना जा रहा है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर को लेकर उन्होंने बताया कि सितंबर में GST दरों में कटौती के बाद कई गाड़ियों के दामों में लाख रुपए तक की कमी आई थी। फिलहाल कंपनियों ने कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, जिससे ग्राहकों को खरीदारी का अच्छा मौका मिला। आने वाले दिनों में रेट बढ़ने की आशंका के चलते भी लोगों ने बसंत पंचमी पर गाड़ियां खरीदने को प्राथमिकता दी।
बसंत पंचमी ने जयपुर में न सिर्फ धार्मिक आस्था का रंग दिखाया, बल्कि ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी नई रफ्तार दी। मलमास के बाद शुभ मुहूर्त, GST में राहत और स्थिर कीमतों के चलते लोगों ने जमकर वाहन खरीदे। नई गाड़ियों की पूजा के लिए उमड़ी भीड़ ने साफ कर दिया कि यह दिन वाहन बाजार के लिए यादगार बन गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.