उत्तर प्रदेश: नए साल 2026 की शुरुआत उत्तर प्रदेश में भक्ति, आस्था और उत्साह के माहौल के साथ हुई। बुधवार रातभर जश्न मनाने के बाद गुरुवार सुबह होते ही हजारों श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ पड़े। वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और मथुरा जैसे धार्मिक शहरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब देखने को मिला।
वृंदावन में सुबह से ही बांके बिहारी मंदिर के बाहर करीब 1 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 3 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। भारी भीड़ को देखते हुए शहर में वाहनों की नो-एंट्री कर दी गई, जिससे कई इलाकों में 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज नए साल के अवसर पर यमुना किनारे सौभरि वन पहुंचे। जैसे ही यह सूचना फैली, करीब 50 हजार श्रद्धालु उनकी एक झलक पाने के लिए वहां जुट गए। भक्तों ने महाराज के स्वागत में यमुना किनारे फूल बिछाए और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में तड़के 5 बजे तक करीब 5 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। रामनगरी में सड़कों पर भजन-कीर्तन होते रहे, साधु-संत ढोलक और मंजीरों की धुन पर भक्ति में झूमते नजर आए।
वहीं वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर बाबा का आशीर्वाद पाने के लिए 2 किलोमीटर लंबी लाइन लगी रही। मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के दरबार में भी लाखों श्रद्धालु पहुंचे।
कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और मथुरा में लोगों ने गंगा और यमुना में स्नान कर नए साल की शुरुआत की। प्रयागराज में संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
इससे पहले बुधवार देर रात तक नए साल का जश्न चलता रहा। होटल, क्लब, मॉल और रेस्टोरेंट हाउसफुल रहे।
गोरखपुर में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मंच पर परफॉर्म किया।
कानपुर के गैंजेस क्लब में रशियन डांसर ने बेली डांस से लोगों का मनोरंजन किया।
देवरिया में डीएम दिव्या मित्तल ने मंच से “जब कोई मुश्किल पड़ जाए, तुम देना साथ मेरा…” गीत गाकर लोगों का दिल जीत लिया।
मंदिरों में भारी भीड़ के चलते कई शहरों में बाहरी इलाकों से ही वाहनों की नो-एंट्री कर दी गई। डायवर्जन के कारण कई जगह विवाद की स्थिति भी बनी। श्रद्धालुओं को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी, लेकिन आस्था के आगे सभी परेशानियां छोटी नजर आईं।
नए साल 2026 के पहले दिन उत्तर प्रदेश पूरी तरह भक्ति, उत्सव और आस्था में डूबा नजर आया। कड़ाके की ठंड और भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। मंदिरों, घाटों और संतों के दर्शन से प्रदेश में नए साल की शुरुआत आध्यात्मिक ऊर्जा और उल्लास के साथ हुई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.