भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में एक भीषण और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गहनौली थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक महिला को कुचल दिया, जिससे महिला के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने बयाना–फतेहपुर सीकरी मेगा हाईवे को जाम कर दिया।
हादसे के बाद से करीब 2 घंटे तक मेगा हाईवे पूरी तरह जाम रहा। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेगा, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
मृतका के पति रामदेव, निवासी कांदौली गांव थाना गहनौली ने बताया कि उसकी पत्नी फूलवती (52) रोज की तरह सुबह पशुओं को चारा खिलाने के लिए मेगा हाईवे के पास स्थित बाड़े पर गई थी। चारा डालने के बाद जब वह वापस गांव की ओर घर लौट रही थी, तभी एक ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया।
ट्रेलर का अगला पहिया महिला के शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। महिला के शरीर के टुकड़े सड़क पर फैल गए, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दी। महिला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मेगा हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया।
घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी वजह से वे मौके पर उच्च प्रशासनिक अधिकारी के पहुंचने और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, ताकि यातायात बहाल किया जा सके।
भरतपुर के गहनौली थाना क्षेत्र में हुआ यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने लाता है। महिला की दर्दनाक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। जब तक प्रशासन ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक स्थिति सामान्य होने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.