सिंगूर/कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचकर हुगली जिले के सिंगूर में एक सरकारी कार्यक्रम और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि बीते 24 घंटे पश्चिम बंगाल और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इतने कम समय में जितना विकास कार्य हुआ है, शायद पिछले 100 साल में भी नहीं हुआ होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास सबसे जरूरी है और केंद्र सरकार इसी सोच के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल अब बदलाव के लिए तैयार है और यहां की जनता जंगलराज और तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर निकलना चाहती है।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए गरीबों का हक छीन रहे हैं और यही घुसपैठिए तृणमूल कांग्रेस के पक्के वोटर हैं, इसलिए उन्हें बचाया जा रहा है। पीएम ने कहा कि बंगाल की जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और बदलाव चाहती है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि एक दिन पहले वे मालदा में थे और आज हुगली के सिंगूर में जनता के बीच हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि पूर्वी भारत को विकास का इंजन बनाया जाए और बीते दो दिनों के कार्यक्रम इसी दिशा में मजबूत कदम हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत की गई है। इसके अलावा बंगाल को करीब आधा दर्जन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं। तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें दिल्ली, तमिलनाडु और काशी को जोड़ेंगी, जिससे बंगाल की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री ने बालागढ़ में बनने वाले एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम का जिक्र करते हुए कहा कि यह हुगली और आसपास के इलाकों के लिए नए अवसर खोलेगा। इससे कोलकाता शहर में ट्रैफिक और लॉजिस्टिक दबाव कम होगा और कारोबार को नई गति मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि गंगा नदी पर विकसित किए जा रहे जलमार्ग के जरिए कार्गो मूवमेंट और तेज होगा। इससे उद्योगों को सस्ती और आसान परिवहन सुविधा मिलेगी और बंगाल की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि पूर्वी भारत को विकास की मुख्यधारा में सबसे आगे लाया जाए। उन्होंने दावा किया कि बीते 24 घंटे में लिए गए फैसले आने वाले वर्षों में बंगाल और पूरे पूर्वी भारत की तस्वीर बदल देंगे।
सिंगूर रैली में पीएम मोदी का भाषण पश्चिम बंगाल के लिए विकास और बदलाव का स्पष्ट संदेश लेकर आया। रेल, जलमार्ग और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के जरिए केंद्र सरकार पूर्वी भारत को विकसित भारत की नींव बनाने का दावा कर रही है। साथ ही राजनीतिक तौर पर भी यह संकेत दिया गया कि बंगाल में अब बदलाव की जमीन तैयार हो चुकी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.