जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामदेवरा से दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं की बस की ट्रेलर से आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर केरु गांव स्थित मुलानाडा रॉयल्टी नाके के पास मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे हुआ। गुजरात नंबर की बस जब सुनारों की प्याऊ के आगे पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेलर भी बुरी तरह टूट गया। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस में फंस गए।
सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फिकार, राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्र सिंह राजपुरोहित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों और मृतकों को बस से बाहर निकाला।
घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार बस में कुल 20 लोग सवार थे। सभी यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमाना रूपण गांव के निवासी थे और बाबा रामदेव के दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु ठाकोर समाज से जुड़े हुए थे।
हादसे की सूचना पर जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के एडीसीपी रोशन मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर ने चार परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.