सीकर। राजस्थान के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल बाबा श्याम का वार्षिक फाल्गुन लक्खी मेला 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार खाटूश्याम जी में फाल्गुन लक्खी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार मेला 11 दिन की बजाय सिर्फ 8 दिन का होगा।
मेले की अवधि घटाने का फैसला पिछले पांच वर्षों में पहली बार लिया गया है। इससे पहले फाल्गुन लक्खी मेला हमेशा 8 दिन से अधिक समय तक आयोजित किया जाता रहा है।
मेला आयोजन को लेकर मंगलवार (20 जनवरी) को सीकर कलेक्ट्रेट में जिला प्रशासन और मेला कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक ही आयोजित किया जाएगा।
1. अब दो नहीं, तीन एग्जिट एरिया
अब तक मेले में दो एग्जिट एरिया होते थे। कबूतर चौक की ओर 4 लाइन और कला भवन की ओर 10 लाइन का एग्जिट रहता था। इस बार कला भवन की ओर जाने वाली 10 लाइनों में से 4 लाइनों को गुवाड़ चौक से निकाला जाएगा। इससे एक साथ भीड़ निकलने से बनने वाले भगदड़ जैसे हालात से बचा जा सकेगा।
2. 75 फीट ग्राउंड पर नया ओवरब्रिज
पहले 40 फीट रोड से श्रद्धालुओं की लाइन 75 फीट ग्राउंड होते हुए मंदिर की ओर जाती थी। लाइन के दूसरी ओर जाने का कोई रास्ता नहीं था। इस बार श्रद्धालुओं की लाइन के ऊपर से एक नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिससे आवागमन आसान होगा।
3. रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट के लिए CCTV
अब तक खाटू कस्बे और दर्शन मार्ग में 400 से 500 CCTV कैमरे लगाए जाते थे, लेकिन बाहर से आने वाली भीड़ की सटीक जानकारी नहीं मिल पाती थी। अब मंडा और रींगस मार्ग पर भी CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पुलिस को रियल टाइम में भीड़ की जानकारी मिल सकेगी।
4. बैरिकेडिंग की ऊंचाई बढ़ेगी
श्रद्धालुओं की लाइनों में लगने वाली बैरिकेडिंग की हाइट इस बार बढ़ाई जाएगी, ताकि कोई भी श्रद्धालु एक लाइन से दूसरी लाइन में कूदकर प्रवेश न कर सके।
5. नए पार्किंग स्पॉट तैयार होंगे
एकादशी के दिन भारी भीड़ के कारण हर साल पार्किंग की समस्या सामने आती है। इस बार नए पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से दर्शन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
खाटूश्याम जी का फाल्गुन लक्खी मेला 2026 इस बार कम अवधि का होगा, लेकिन व्यवस्थाएं पहले से ज्यादा सख्त और आधुनिक रहेंगी। प्रशासन और पुलिस की नई रणनीति का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अब श्रद्धालु 21 फरवरी से 28 फरवरी तक बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.