केरल: के कोच्चि से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रयागराज कुंभ मेले से चर्चा में आईं मोनालिसा भोंसले ने फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान उनके साथ कई बार गलत व्यवहार किया गया।
मंगलवार को कोच्चि में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने भावुक होते हुए कहा कि डायरेक्टर ने उन्हें कई बार अनुचित तरीके से छुआ। उनके मुताबिक, उन्होंने यह बात अपने परिवार को भी बताई, लेकिन उन्हें वहां से कोई समर्थन नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पहली फिल्म के लिए किसी को इस तरह के शोषण को सहना चाहिए।
मोनालिसा ने बताया कि यह घटनाएं शूटिंग के दौरान हुईं और उन्होंने इसे कई बार नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब बात हद से आगे बढ़ गई, तब उन्होंने आवाज उठाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ न्याय चाहती हैं और चाहती हैं कि उनके साथ जो हुआ, उसकी निष्पक्ष जांच हो।
इस पूरे मामले में एक और गंभीर पहलू तब सामने आया, जब मोनालिसा ने दावा किया कि उन्हें और उनके पति को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के साथ-साथ केरल और मध्य प्रदेश सरकार से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है और उनके पोस्टर तक जलाए जा रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा ने यह भी कहा कि अगर उन्हें और उनके पति को सुरक्षा नहीं मिली, तो वे आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो सकते हैं। यह बयान पूरे मामले की गंभीरता को और बढ़ाता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
मोनालिसा ने अपने पति फरमान खान के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने आपसी सहमति से हिंदू रीति-रिवाजों के तहत मंदिर में शादी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि डायरेक्टर उनकी शादी को “लव जिहाद” बताकर समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।

वहीं, फरमान खान ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ उनके नाम और धर्म की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि डायरेक्टर उन्हें आतंकवादी बताने की कोशिश कर रहा है, जो पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद है। फरमान ने कहा कि वह श्री नारायण गुरु के विचारों में विश्वास रखते हैं और उसी परंपरा के अनुसार उन्होंने विवाह किया है।
बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान खान ने हाल ही में केरल में शादी की है, क्योंकि उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। दोनों फिल्म शूट के सिलसिले में तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे, जहां से यह विवाद शुरू हुआ।
गौरतलब है कि मोनालिसा भोंसले पहले प्रयागराज कुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल वीडियो के कारण चर्चा में आई थीं। इसके बाद उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से ऑफर मिला और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की।
फिलहाल, इस मामले में डायरेक्टर सनोज मिश्रा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले के सार्वजनिक होने के बाद फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया में इसको लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.