जयपुर: में अपराध की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मेडिकल संचालक को घर के पास ही निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
बदमाशों ने पहले कार से टक्कर मारकर उसे गिराया और फिर उसका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 80 हजार रुपए नकद रखे थे।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जगतपुरा के एनआरआई चौराहे के पास रहने वाले रामवतार गौतम के साथ हुई।
रामवतार गौतम कंचन मेडिकल स्टोर चलाते हैं और रोज की तरह रात को दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि घटना उनके घर से महज 50 मीटर पहले हुई।
रात करीब 11:15 बजे पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान कार से उतरे बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
बैग में उस दिन की बिक्री के करीब 80 हजार रुपए रखे हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तुरंत इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात स्थल और आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की जांच की जा रही है।
उम्मीद है कि फुटेज के जरिए कार और आरोपियों की पहचान हो सकेगी।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
रात के समय इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि पुलिस को इलाके में गश्त बढ़ानी चाहिए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.