राजस्थान के बारां जिले के अन्ता कस्बे में मकान मालिक महिला की हत्या और उसकी नाबालिग बेटी पर जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी किराएदार युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी मृतका प्रेम बाई (52) के मकान में किराए से रहता था। किराए पर रहने के दौरान वह महिला की बेटी पर गलत नजर रखता था और उससे एकतरफा प्रेम करता था। परिवार को जब इस बात का संदेह हुआ तो मृतका प्रेम बाई ने आरोपी को इस व्यवहार के लिए टोका, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद महिला ने आरोपी से मकान खाली करा लिया था। इसके बाद आरोपी मन में रंजिश रखने लगा और बदला लेने की योजना बनाने लगा।
गुरुवार रात जब प्रेम बाई अपनी बेटी के साथ टहलने निकलीं, तब आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रेम बाई की मौत हो गई जबकि उनकी नाबालिग बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू की। पुलिस ने बारां सदर थाना क्षेत्र के संबलपुर निवासी आरोपी सीताराम मेघवाल (43) को पहले हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से मामले के अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.