राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज मौसम राहत देने वाला रह सकता है। मौसम विभाग ने रविवार 24 मई को प्रदेश के चार जिलों के लिए मेघगर्जन और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। नई मौसम भविष्यवाणी के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ अचानक तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार लगभग 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि आने वाले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। इसके साथ ही कई इलाकों में लू चलने की संभावना भी जताई गई है।
गौरतलब है कि सोमवार 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है। नौतपा के दौरान राजस्थान में आमतौर पर भीषण गर्मी पड़ती है और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी नौतपा के दौरान कई जिलों में गर्मी का प्रकोप अधिक देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं तथा मौसम से संबंधित अपडेट पर नजर बनाए रखें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.