राजस्थान के डूंगरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक गंभीर आपराधिक घटना का रूप ले लिया। डूंगरपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के लालपुरा इलाके में चाचा की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी नाबालिग भतीजे को डिटेन कर लिया है।
थानाधिकारी अजय सिंह राव के अनुसार लालपुरा निवासी जरीना पत्नी सलीम खान ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 21 मई की रात वह और उनके पति सलीम खान घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनकी जेठानी वहां पहुंची और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। मामले ने अचानक गंभीर मोड़ ले लिया और घटना के दौरान सलीम खान पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद महज 24 घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी नाबालिग भतीजे को डिटेन कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.