हुनझुनू। नौतपा के दूसरे दिन झुंझुनूं जिले में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया। दिन बढ़ने के साथ सूरज की तीखी किरणों और दोपहर तक चलती लू के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर दोपहर के समय सन्नाटा दिखाई दिया।
जिले के विभिन्न हिस्सों में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही शुरू हुई, जबकि नवलगढ़ क्षेत्र में देर शाम तेज हवा के साथ हल्की बरसात हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने जिले में 30 मई तक मौसम परिवर्तन की संभावना जताई है। विभाग ने ऊष्ण लहर, मेघगर्जन, वज्रपात तथा तेज आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया। आगामी दिनों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं और झोंकेदार हवाओं की संभावना भी बताई गई।
गर्मी में लोगों के लिए जलदाय विभाग ने ठेकेदार के माध्यम से निशुल्क टैंकर पेयजल व्यवस्था शुरू की है। मंडावरा पंचायत क्षेत्र में दो राजस्व गांव और आठ ढाणियां हैं, लेकिन टैंकर सप्लाई सुचारू नहीं है। पचलंगी, पापड़ा, बाघोली और अन्य गांवों में भी पेयजल की कमी के कारण लोग महंगे दामों में टैंकर डलवाने को मजबूर हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.