राजस्थान में प्रचंड गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को आज 29 मई 2026 को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है, और इसका प्रभाव 1 जून तक देखा जा सकता है। आज करीब 12 जिलों में बारिश होने और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।
धौलपुर जिले में सुबह से ही बारिश जारी रही। गुरुवार 28 मई को राजधानी जयपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, अलवर और चूरू में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई।
इस बार नौतपा का असर राजस्थान के ज्यादातर शहरों में बहुत जोरदार देखा गया। श्रीगंगानगर में गुरुवार को सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा चूरू में 46.5, कोटा में 46.4, जैसलमेर और अलवर में 46, बीकानेर और फतेहपुर में 45.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। कई जिलों में सुबह से दोपहर तक लू का प्रभाव बना रहा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.