बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल डूंगराराम की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे घर पर खिचड़ी खा रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजन और पड़ोसी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन करीब एक घंटे बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे डूंगराराम अपने घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए।
शास्त्री नगर निवासी पड़ोसी मग्गा राम ने बताया कि डूंगराराम खिचड़ी खा रहे थे, तभी अचानक उनके हाथ-पैर कांपने लगे और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिवार के लोगों ने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और सभी मिलकर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों ने गंभीर हालत में डूंगराराम को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी जांच की।
बताया जा रहा है कि पहली जांच में स्थिति सामान्य नजर आई, लेकिन बाद में दोबारा जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
करीब 11 बजे उनकी मौत की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक कॉन्स्टेबल डूंगराराम (48) पुत्र आसाराम मूल रूप से खड़ीन गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में बाड़मेर शहर में रह रहे थे।
वे पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। करीब 6 महीने पहले उन्हें लकवा हुआ था, जिसके बाद उनकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी।
चलने-फिरने में परेशानी होने के साथ-साथ उन्हें अक्सर तेज बुखार और शरीर में कंपकंपी की शिकायत रहती थी।
परिजनों के मुताबिक डूंगराराम की तबीयत पिछले कई महीनों से लगातार खराब चल रही थी।
कई बार अचानक उनका पूरा शरीर कांपने लगता था और हाथ-पैर अकड़ जाते थे। डॉक्टरों से इलाज भी चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में ज्यादा सुधार नहीं हो पा रहा था।
शनिवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार डूंगराराम की भर्ती वर्ष 1998 में राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल पद पर हुई थी।
वे वर्तमान में बाड़मेर पुलिस लाइन में तैनात थे और लंबे समय से सेवा दे रहे थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।
सहकर्मियों ने बताया कि बीमारी के बावजूद वे अपनी जिम्मेदारियों को लेकर गंभीर रहते थे।
कॉन्स्टेबल की अचानक मौत के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने भी अस्पताल पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी।
हालांकि फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई।
बाड़मेर में पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल डूंगराराम की अचानक मौत ने सभी को झकझोर दिया है। लंबे समय से बीमारी और लकवे से जूझ रहे जवान की खिचड़ी खाते समय तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उनकी जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.