चित्तौड़गढ़ शहर के भीलवाड़ा मार्ग स्थित पैराडाइज होटल में ब्लू हेवन थाई स्पा की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार नेटवर्क का पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। सोमवार रात को की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इस बात का पता लगाने में जुटी है कि विदेशी युवतियों को भारत लाने और यहां इस अवैध गतिविधि में धकेलने के पीछे कौन-कौन से बड़े दलाल और गिरोह सक्रिय हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी। सूचना में बताया गया था कि पैराडाइज होटल के प्रथम तल पर संचालित स्पा सेंटर की आड़ में विदेशी युवतियों से अनैतिक कार्य करवाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय बृजेश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बोगस ग्राहक भेजकर पूरे मामले की पुष्टि की, जिसके बाद इशारा मिलते ही स्पा सेंटर पर दबिश दी गई और अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर राहुल मेघवाल, उसके सहायक मनीष गोस्वामी और गोपाल माली को गिरफ्तार किया। ये तीनों आरोपी मूल रूप से पाली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शहर कोतवाली पुलिस ने इनके खिलाफ पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि अनुसंधान डीएसपी चित्तौड़गढ़ ग्रामीण दिनेश सुखवाल द्वारा किया जा रहा है।
रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने चार विदेशी महिलाओं को भी सुरक्षित निकाला, जिनमें 2 थाईलैंड, 1 युगांडा और 1 लाओस की नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों और मानवीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए इन महिलाओं को वन स्टॉप सखी सेंटर में रखा है। कार्रवाई के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन की महिला सदस्य को भी पुलिस टीम में शामिल किया गया ताकि पूरी प्रक्रिया संवेदनशील और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की नजर इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन पर है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह रैकेट किसी बड़े संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो टूरिस्ट या बिजनेस वीजा के नाम पर विदेशी महिलाओं को भारत लाकर इस अवैध कारोबार में धकेलता है। मामले ने एक बार फिर शहर में सक्रिय ऐसे नेटवर्क की मौजूदगी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.