राजस्थान के 944 बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) द्वारा आयोजित पीटीईटी-2026 परीक्षा का परिणाम गुरुवार को जयपुर में घोषित कर दिया गया। परिणाम घोषित होते ही अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। इस परीक्षा में भरतपुर के कार्तिक कुमार गर्ग और चूरू के जयप्रकाश बिस्सू ने 600 में से 509 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। उदयपुर के मनोज नागदा 508 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि नागौर के युवराज 507 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
परिणाम जारी होने के बाद राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सभी टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मात्र 10 दिनों के भीतर परीक्षा परिणाम जारी करना वीएमओयू की बड़ी उपलब्धि है और यह राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और तेज कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
वीएमओयू के कुलपति प्रो. बीएल वर्मा ने बताया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से पारदर्शी, शुचिता और अनुशासन के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मिलकर इसे सफल बनाया। उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
इस परीक्षा के लिए कुल 1,26,600 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,07,575 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा राज्य के 41 जिलों में बनाए गए 300 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया के तहत 944 बीएड कॉलेजों में कुल 1,07,430 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
वीएमओयू ने बताया कि परिणाम जारी होने के बाद अब जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद बीएड कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.