जोधपुर स्थित एम्स में एक बेहद चौंकाने वाला और दुर्लभ मेडिकल केस सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवती के पेट से 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा (Hair Ball) सर्जरी के जरिए निकाला गया। यह गुच्छा छोटी आंत के शुरुआती हिस्से तक पहुंच चुका था, जिससे मरीज को लंबे समय से पेट दर्द, भूख न लगना और वजन घटने जैसी गंभीर समस्याएं हो रही थीं।
डॉक्टरों के अनुसार युवती को ट्राइकोबेजोअर नामक दुर्लभ बीमारी थी, जिसमें निगले गए बाल पेट में जमा होकर धीरे-धीरे बड़ा गुच्छा बना लेते हैं। जब यह स्थिति छोटी आंत तक फैल जाती है तो इसे रैपुंजेल सिंड्रोम कहा जाता है, जो बेहद दुर्लभ मामलों में देखा जाता है।
मामले की जांच में सामने आया कि युवती को बाल चबाकर निगलने की आदत थी, जो ट्राइकोटिलोमेनिया और ट्राइकोफेजिया जैसे मनोवैज्ञानिक विकारों से जुड़ी हो सकती है। समय के साथ बाल पेट में जमा होकर एक ठोस गुच्छे में बदल गए, जो अंततः 62 सेंटीमीटर लंबा हो गया।
एम्स जोधपुर की सर्जरी टीम ने सफल ऑपरेशन कर इस गुच्छे को बाहर निकाला। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार बताया जा रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि देर होने पर आंतों में रुकावट, अल्सर, कुपोषण और गंभीर संक्रमण जैसी जानलेवा स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि यदि लगातार पेट दर्द, भूख कम लगना, वजन घटना या पेट में भारीपन जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.