करौली जिले के टोडाभीम कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां भानकपुरा हल्के में कार्यरत महिला पटवारी उगन्ती प्रजापत ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, वह कुछ दिनों के अवकाश के बाद मंगलवार को ही ड्यूटी पर लौटी थीं और कार्य समाप्त करने के बाद अपने जोशी पाड़ा स्थित किराए के मकान में पहुंची थीं, जहां यह घटना हुई।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतका अपनी सहकर्मी महिला पटवारी के साथ किराए के कमरे में रहती थीं, लेकिन घटना के समय सहकर्मी अवकाश पर थी, जिससे वह अकेली थीं। मृतका की वर्ष 2022 में पटवारी पद पर नियुक्ति हुई थी और लगभग एक वर्ष पहले उनका विवाह हुआ था।
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.