बीकानेर में साइबर थाना और जेएनवीसी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी देशभर में सक्रिय साइबर ठगों को कमीशन के आधार पर ‘म्यूल अकाउंट’ उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम को ट्रांसफर करने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में लालमदेसर बड़ा निवासी रामस्वरूप (20), सीताराम (20) और तेजरासर निवासी मुन्नीराम (21) शामिल हैं। इनके पास से 15 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और कई पहचान पत्र बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह टेलीग्राम ग्रुप के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में रहता था और करीब 10 प्रतिशत कमीशन लेकर बैंक खातों को ठगी के लिए इस्तेमाल करता था। अब तक इनके खातों में लगभग 68 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को झांसे में लेकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और फिर उन खातों का उपयोग साइबर अपराध में करता था। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.