राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र के तनवाड़ (जीरो पॉइंट) के पास एक स्लीपर बस और आगे चल रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।
यह बस ऋषिकेश से इंदौर की ओर जा रही थी, जिसमें कई यात्री सवार थे। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 5 लोगों की मौत जलकर और 2 लोगों की मौत गंभीर सिर की चोट लगने के कारण हुई बताई जा रही है। वहीं 22 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हादसा बस चालक को झपकी आने और तेज रफ्तार के कारण हुआ हो सकता है। इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। एक ग्रामीण ने दावा किया कि उन्होंने खुद एंबुलेंस को कॉल किया था। वहीं यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे होने के कारण आग तेजी से फैली, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद लगभग एक घंटे की देरी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ, जिससे कई यात्रियों को बचाने में कठिनाई हुई। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.