राजस्थान की राजधानी जयपुर में मानसून के 4 से 5 जुलाई तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून सामान्य तिथि से लगभग 3 से 4 दिन की देरी से प्रवेश करेगा, लेकिन इसके साथ ही अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के कारण मानसून को गति मिली है और अगले 24 से 48 घंटों में इसके जयपुर पहुंचने की संभावना है। मानसून की एंट्री के साथ ही पहले दो सप्ताह तक अच्छी और कई स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उमस महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून की सक्रियता के चलते सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। 8 से 14 जुलाई के बीच भी मानसून सक्रिय रहेगा और इस दौरान लगातार बारिश के साथ दो से तीन दिन भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद जुलाई के तीसरे सप्ताह से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने का अनुमान है। 15 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है और वातावरण में नमी के कारण उमस बनी रहेगी। जुलाई के अंतिम सप्ताह में भी मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना जताई गई है तथा इस अवधि में औसत से लगभग 50 प्रतिशत कम वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.