झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नवलगढ़ में लोक निर्माण विभाग (PWD) में वरिष्ठ लिपिक (यूडीसी) के पद पर कार्यरत एक युवक ने अपनी 59 वर्षीय मां की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन कर कहा, "मैंने मां को मार दिया।" सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राजवीर डूडी के रूप में हुई है, जो नवलगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय में यूडीसी के पद पर कार्यरत है। बुधवार रात उसने कृषि उपज मंडी के पास स्थित अपने घर में अपनी मां प्रभाती देवी (59) पर चाकू से कई वार किए। घटना के बाद उसने रात करीब 10:58 बजे अपनी बहन अनिता को फोन कर हत्या की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही अनिता ने अन्य परिजनों को बताया। जब परिजन घर पहुंचे तो खिड़की से देखा कि प्रभाती देवी लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ी थीं, जबकि राजवीर उनके पास ही लेटा हुआ था। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार मूल रूप से गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के सिंगनौर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नवलगढ़ में रह रहा था। मृतका के पति शीशराम डूडी भी पीडब्ल्यूडी में कार्यरत थे। वर्ष 1997 में हृदयाघात से उनकी मृत्यु हो गई थी। उस समय राजवीर मात्र छह महीने का था। मां प्रभाती देवी ने संघर्ष कर बेटे का पालन-पोषण किया और बालिग होने पर उसे पिता के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति मिली। वर्ष 2020 में उसकी शादी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.