जयपुर। सावन माह में शुरू हुई कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए राजस्थान पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी लागू की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान त्रिशूल, फरसा, हॉकी स्टिक, बेसबॉल बैट, डंडे या किसी भी प्रकार के हथियार और नुकीली वस्तु लेकर चलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह रोक रहेगी। तेज आवाज वाले डीजे, धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गीत और निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करने, वैध पहचान पत्र साथ रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ड्रोन और वीडियोग्राफी से निगरानी होगी तथा सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे नजर रखी जाएगी ताकि अफवाहों और भ्रामक वीडियो पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.