जयपुर में आयोजित ‘मीडिया संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में राजस्थान सहित पूरे देश में तेजी से विकास कार्य हुए हैं और राज्य की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समय राजस्थान की प्रति व्यक्ति आय लगभग 69 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 2.05 लाख रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने इसे राज्य की मजबूत होती अर्थव्यवस्था और विकास की गति का स्पष्ट संकेत बताया।
सड़क संपर्क के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में लगभग 53 हजार किलोमीटर सड़कें बनी थीं, जबकि अब यह आंकड़ा बढ़कर 86 हजार किलोमीटर से अधिक हो गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम हुआ है और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है। पहले जहां लगभग 57 लाख लोग इन योजनाओं का लाभ ले रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 90 लाख लाभार्थियों तक पहुंच गई है। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
किसानों को बिजली आपूर्ति पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2027 तक दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था, लेकिन वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली दी जा रही है, जो कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बिजली उत्पादन में वृद्धि का दावा करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने पांच वर्षों में लगभग 3500 मेगावाट बिजली उत्पादन बढ़ाया था, जबकि वर्तमान सरकार ने ढाई वर्षों में 12 हजार मेगावाट उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया और कहा कि नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, स्टार्टअप संस्कृति और खेलों को प्रोत्साहन से युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। आज का युवा केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला बन रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.