चुनाव के बीच कांग्रेस विधायक रफीक खान को नगर निगम मुख्यालय में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ निगम के मुख्य द्वार पर पहुंचे, जहां हंगामे की स्थिति बन गई।
वहीं, भाजपा और कांग्रेस के पार्षद मतदान के लिए नगर निगम पहुंच रहे हैं। बगरू क्षेत्र के भाजपा पार्षदों को एक साथ बस के जरिए निगम मुख्यालय लाया गया। पार्षदों के निगम पहुंचने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
जयपुर मेयर चुनाव में भाजपा की ओर से सुनील कोठारी और कांग्रेस की ओर से सुनीता मावर मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। सुनील कोठारी वार्ड 112 से पार्षद चुने गए हैं और इससे पहले भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष सहित संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। दोनों के नामांकन के बाद मेयर पद के लिए मुकाबला तय हुआ था।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के अंतिम चुनावी गणित में भाजपा के 78 पार्षद, कांग्रेस के 57 पार्षद और 15 निर्दलीय पार्षद हैं। मेयर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 76 है। पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस के चार वार्ड बढ़ने से उसका आंकड़ा 57 पहुंचा है।
ऐसे में मेयर चुनाव में दोनों प्रमुख दल अपने पार्षदों को एकजुट रखने पर जोर दे रहे हैं। निर्दलीय पार्षद भी चुनावी समीकरण का हिस्सा हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जयपुर नगर निगम में 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महापौर पद के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके अगले दिन 26 सितंबर को डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.