जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। आमेर महल से जलमहल की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने मावठा सेल्फी पॉइंट के पास स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी पर साहिल, तरुण और सोनू सवार थे। इसके बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और करीब 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक पर शोएबुद्दीन अपने दोस्त कलीम के साथ सवार था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और बाइक दोनों खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल साहिल की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में घायल अन्य युवकों का उपचार जारी है।
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। साहिल के भाई इरशाद के मुताबिक, परिवार में उसकी बहन जेबा की शादी 12 नवंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। साहिल की आमेर में मेडिकल शॉप थी और परिवार बहन की शादी के बाद उसकी शादी की तैयारी करने वाला था। लेकिन हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया।
दूसरे मृतक शोएबुद्दीन उर्फ शोएब के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शोएब चार महीने पहले ही बेटे का पिता बना था। परिवार इसी महीने बेटे मोहम्मद हुसैन के जन्म की खुशी में समारोह आयोजित करने की तैयारी कर रहा था। बताया गया कि हादसे के समय शोएब अपने दोस्त कलीम के साथ दावत से घर लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, कार चालक अयान (25), निवासी भीलवाड़ा और वर्तमान में सांगानेर में रहने वाला, तथा उसके साथी सागर सोलंकी (25) को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार से बीयर के कैन बरामद हुए हैं। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर नशे में वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर करता है। लापरवाही से की गई ड्राइविंग न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.