मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, असत्य से सत्य की ओर तथा बुराई से अच्छाई की ओर बढ़ने का मार्ग दिखाती है। यह पर्व केवल दीप जलाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने जीवन में सद्भाव, प्रेम और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का भी संदेश देता है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें मर्यादा, सेवा, त्याग और जनकल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि दीपावली के अवसर पर परिवार में प्रेम, समाज में भाईचारा और पूरे प्रदेश में सुख-शांति एवं सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को त्योहारों में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों के साथ त्योहार की खुशियां बांटने और पर्यावरण का ध्यान रखने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ऐसा राजस्थान बनाया जा सकता है, जहां हर घर में खुशहाली हो, युवाओं के सपने साकार हों और प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दीपोत्सव का यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और खुशियों का संचार करेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.