चौथे चरण के चुनाव में 25 जिला परिषदों के 382 वार्डों में 1322 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, 116 पंचायत समितियों के 2142 वार्डों में 7521 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह जिला परिषद और पंचायत समिति के कुल 2524 वार्डों में चुनावी मुकाबला होगा।
चौथे चरण में कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54 लाख 88 हजार 275 पुरुष और 51 लाख 5 हजार 951 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान को लेकर चुनावी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रदेशभर में बनाए गए 11,905 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी।
इस चरण के चुनाव में कई राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू भी चूरू से जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में चूरू की सीटों पर राजनीतिक मुकाबला खासा दिलचस्प माना जा रहा है। चुनाव में कई अन्य नेताओं के बेटे, बेटियां, बहुएं और रिश्तेदार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चौथे चरण के चुनाव में उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से श्रीगंगानगर जिला सबसे आगे है। यहां जिला परिषद के 30 वार्डों में चुनाव हो रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 101 प्रत्याशी मैदान में हैं।
वहीं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में भी श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार हैं। जिले की 164 पंचायत समिति सीटों पर 553 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
चौथे चरण का यह चुनाव प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। अब शनिवार को होने वाला मतदान तय करेगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का रुझान किस तरफ है और किस प्रत्याशी को जनता का समर्थन मिलता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.