जयपुर में शनिवार को देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। स्वाधीनता की भावना और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने के उद्देश्य से एस.एस. जैन सुबोध उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू बाजार और एस.एस. जैन सुबोध बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जौहरी बाजार के विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा रैली निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शहर की सड़कों से होते हुए अल्बर्ट हॉल पहुंचे।
रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. दीपा सचदेवा ने जौहरी बाजार स्थित विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह और अनुशासन देखने को मिला। इस दौरान प्रधानाचार्या डॉ. सचदेवा ने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अल्बर्ट हॉल पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
विद्यालय संयोजक जितेन्द्र पटवा ने विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व के बारे में बताते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया। वहीं प्रमोद दरड़ा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और अनुशासन की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या डॉ. दीपा सचदेवा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। सुबोध विद्यालय की इस तिरंगा रैली ने जयपुर में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.