सीएलजी सदस्यों की सक्रियता से बनेगा सुरक्षित राजस्थान—सीएम भजनलाल

जयपुर, 13 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस और आमजन के प्रति संवेदनशीलता की नीति के साथ काम कर रही है। भय एवं अपराध मुक्त और सुरक्षित राजस्थान बनाने में नवचयनित कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (CLG) सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में आयोजित नवचयनित सीएलजी सदस्यों के आमुखीकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ-साथ समाज की भी अहम भूमिका है। पुलिस जहां अपराध की रोकथाम और कानून का पालन सुनिश्चित करती है, वहीं आमजन का सहयोग कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाता है।

पुलिस और आमजन के बीच सेतु बनें सीएलजी सदस्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएलजी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं को समझें और उनकी बात पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचाएं। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रयासों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाने का काम करें।

उन्होंने कहा कि सीएलजी की बैठकें केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा और समाधान का प्रभावी मंच बनाया जाना चाहिए। असामाजिक तत्वों, नशे के कारोबार, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी समस्याओं, यातायात व्यवस्था तथा सामाजिक तनाव की आशंका से संबंधित सूचनाएं समय पर पुलिस-प्रशासन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार छोटी सी सूचना भी किसी बड़ी घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसलिए सीएलजी सदस्यों को अपने क्षेत्र में सजग और सक्रिय रहना चाहिए।

नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामाजिक स्तर पर मजबूत प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। सीएलजी सदस्य नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने और समाज में जनभागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और सामाजिक सौहार्द को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए सीएलजी सदस्यों से इन विषयों पर विशेष सक्रियता दिखाने का आह्वान किया।

छोटे विवादों के समाधान में भी निभाएं भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएलजी सदस्य अपने विवेक और निष्पक्षता से छोटे-छोटे विवादों के समाधान का प्रयास करें। इससे पुलिस का समय गंभीर अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में लगाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का रिश्ता मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सीएलजी सदस्यों को व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद बनाए रखना चाहिए।

छह जिलों के सीएलजी सदस्यों से वीसी के जरिए संवाद

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने टोंक, बाड़मेर, धौलपुर, झालावाड़, डूंगरपुर और श्रीगंगानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े सीएलजी सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने कानून व्यवस्था और सीएलजी सदस्यों की भूमिका को लेकर उनके सुझाव भी सुने।

इस दौरान विभिन्न जिलों से आए सीएलजी सदस्यों ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी सजगता और संवेदनशीलता के साथ निभाने का आह्वान किया।

अपराधों में 16 प्रतिशत कमी: गृह राज्य मंत्री

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सीएलजी सदस्यों से सीधा संवाद कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में सभी प्रकार के अपराधों में 16 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रही है।

75 हजार से अधिक युवाओं और 22 हजार सुरक्षा सखियों को जोड़ा

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच मजबूत समन्वय से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। सीएलजी सदस्य इस व्यवस्था में महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस सीएलजी सदस्यों के साथ लगातार संवाद कर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में 75 हजार से अधिक युवाओं और 22 हजार से अधिक सुरक्षा सखियों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा गया है।

5000 से अधिक सीएलजी सदस्य वीसी से जुड़े

आमुखीकरण समारोह में सीएलजी सदस्यों को पीपीटी के माध्यम से उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। उदाहरणों के माध्यम से सीएलजी सदस्यों की उल्लेखनीय भूमिका को भी समझाया गया।

कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत, महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह में विभिन्न जिलों से 1100 से अधिक सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे, जबकि प्रदेश के सभी ब्लॉक्स से 5000 से अधिक सीएलजी सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
बीज घोटाले की जांच CBI से कराने की मांग, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा CM भजनलाल शर्मा को लिखेंगे पत्र | Gen-Z IPS अभिजीत पाटील का कमाल: AI और NATGRID की मदद से गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भरतपुर को बड़ी सौगात, 1,186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण | जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति, 196.39 करोड़ रुपये के वार्षिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी | इकोलॉजिकल ज़ोन में 'अयोध्या नगर'! 42 बीघा कृषि भूमि पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग, जेडीए आखिर खामोश क्यों? | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | |