नई प्रकाश व्यवस्था से स्थानीय नागरिकों के साथ व्यापारियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को भी रात्रि के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि अजमेर शहर में बेहतर और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से 10 लाख रुपए की लागत से कुल 19 सेमी हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनमें से 6 लाइटों का गुरुवार को लोकार्पण किया गया है, जबकि शेष 13 सेमी हाई मास्ट लाइटें भी जल्द स्थापित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन लाइटों के माध्यम से शहर के प्रमुख क्षेत्रों में रात के समय प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर के विकास के साथ-साथ अजमेर उत्तर क्षेत्र से जुड़े नवीन ग्रामीण क्षेत्रों और वरुण सागर मार्ग स्थित नगर निगम में शामिल नई कॉलोनियों में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
इन क्षेत्रों में एक हजार स्ट्रीट एवं रोड लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा नई कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था भी शुरू की गई है। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले अजमेर शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर 18 हाई मास्ट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। अब सेमी हाई मास्ट लाइटों के माध्यम से शहर के साथ-साथ नए ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हेरिटेज लाइटों सहित अन्य विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। इससे अजमेर की सुंदरता में इजाफा होने के साथ शहर की रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और बेहतर होगी।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के सड़क निर्माण कार्य करवाए गए हैं। इसके साथ ही अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से अजमेर में प्रवेश करने वाले पर्यटकों और आगंतुकों को शहर का बेहतर और सुखद अनुभव मिलेगा। शहर को सुंदर, स्वच्छ और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
अजमेर को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। आगंतुक पर्यटकों और शहरवासियों के लिए लेपर्ड सफारी और साइंस पार्क सहित कई पर्यटन स्थल विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बेहतर सड़क, प्रकाश, सफाई और पर्यटन सुविधाओं के विकास से अजमेर को आधुनिक और आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.