RCA में तैनात प्रशासक भास्कर सावंत और चुनाव अधिकारी ए.के. पांडे ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनावी नोटिस के साथ मतदाता सूची भी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही राजस्थान क्रिकेट में सत्ता के लिए सियासी और क्रिकेटीय समीकरणों की नई जंग शुरू हो गई है।
7 सितंबर: चुनावी प्रक्रिया शुरू
12 से 14 सितंबर: मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज
17 से 18 सितंबर: आपत्तियों पर सुनवाई
22 सितंबर: अंतिम मतदाता सूची जारी
23 से 26 सितंबर: नामांकन दाखिल
27 सितंबर: नामांकन पत्रों की जांच और पात्र उम्मीदवारों की सूची जारी
28 सितंबर: नाम वापसी की अंतिम तारीख
29 सितंबर: मतदान और चुनाव परिणाम की घोषणा
इस बार RCA के चुनाव में तीन नए जिलों को वोटर लिस्ट में शामिल किया गया है। इनमें खैरथल-तिजारा, कुचामन-डीडवाना और बालोतरा शामिल हैं। नए जिलों के जुड़ने से चुनावी समीकरण भी बदल गए हैं।
RCA में 36 जिला सचिवों के अलावा राजस्थान की ओर से भारत के लिए खेल चुके पंकज सिंह और गगन खोड़ा को भी वोटिंग राइट मिला है। ऐसे में इस बार चुनाव में वोटों का गणित पहले से ज्यादा दिलचस्प रहने की संभावना है।
अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर को जारी होगी। इसके बाद नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ होगी। जिला स्तर पर बैठकों, समर्थकों की लामबंदी और वोटों के समीकरण साधने का दौर भी तेज होने की उम्मीद है।
अगर मुकाबला बना रहता है तो 29 सितंबर को RCA के लिए मतदान होगा और इसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। करीब ढाई साल से चले आ रहे चुनावी गतिरोध के बाद अब सभी की नजरें राजस्थान क्रिकेट संघ की अगली सत्ता पर टिकी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.