बारां। राजस्थान के बारां नगर परिषद चुनाव के बाद वार्ड नंबर 16 से भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मतदान के बाद से अंतिमा यादव के साथ उनके पति संजय यादव और बच्चा भी लापता हैं। तीनों से परिजनों का संपर्क नहीं हो पा रहा है।
बताया गया है कि 9 सितंबर को मतदान के बाद से तीनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा उन्हें जबरन ले जाने और अपहरण की आशंका जताई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद बारां कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और तीनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की टीमें मतदान केंद्र और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी तीनों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
निकाय चुनाव के बाद राजनीतिक दलों में प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की चर्चाओं के बीच भाजपा प्रत्याशी, उनके पति और बच्चे के एक साथ लापता होने से स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
हालांकि, अभी तक अपहरण या किसी राजनीतिक साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अब पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि तीनों आखिर कहां हैं और उनके लापता होने के पीछे क्या वजह है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.