जोधपुर टाउन हॉल के जीर्णोद्धार में लापरवाही पर हाईकोर्ट सख्त, संभागीय आयुक्त-कलेक्टर समेत 5 अफसरों को तलब

जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने जोधपुर के ऐतिहासिक जयनारायण व्यास टाउन हॉल की बदहाल स्थिति और उसके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार में प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने वर्ष 2018 से दिए जा रहे निर्देशों की पालना नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए जोधपुर संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर समेत पांच वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं।

हाईकोर्ट ने सभी अधिकारियों को 25 नवंबर को पेश होने के निर्देश दिए हैं। इनमें जोधपुर संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त, सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता और राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के सचिव शामिल हैं।

न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर और न्यायाधीश संदीप शाह की खंडपीठ ने स्वप्रेरणा से दर्ज जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

2018 से मिल रहे निर्देश, फिर भी नहीं हुआ जीर्णोद्धार

जयनारायण व्यास टाउन हॉल जोधपुर की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक विरासत और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। लेकिन लंबे समय से उचित रखरखाव नहीं होने के कारण इसकी स्थिति खराब हो गई है।

कोर्ट वर्ष 2018 से ही टाउन हॉल के संरक्षण, रखरखाव और जीर्णोद्धार को लेकर निर्देश दे रहा है। इसके लिए गठित समिति ने भी भवन का निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए थे, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

सुनवाई के दौरान सामने आया कि टाउन हॉल पिछले दो वर्षों से इस्तेमाल नहीं हो रहा है।

सुनवाई में उठे पांच बड़े मुद्दे

मामले की सुनवाई के दौरान एमिकस क्यूरी और वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. सचिन आचार्य ने टाउन हॉल की बदहाली से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दे अदालत के सामने रखे।

इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बुकिंग की अनुमति नहीं मिलना, कर्मचारियों की कमी, अनधिकृत लोगों द्वारा परिसर का इस्तेमाल, बिजली की अपर्याप्त व्यवस्था और भवन का सुरक्षा ऑडिट नहीं होना शामिल है।

इन समस्याओं के कारण टाउन हॉल की उपयोगिता और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

निरीक्षण के बाद भी अधिकारियों ने नहीं उठाए ठोस कदम

हाईकोर्ट के निर्देश पर एमिकस क्यूरी डॉ. सचिन आचार्य, अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेश पंवार, समिति के सदस्यों और सरकारी अधिकारियों ने टाउन हॉल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद भवन के संरक्षण और रखरखाव के लिए कई सुझाव भी दिए गए थे।

सुनवाई के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता ने अदालत को बताया कि सरकारी अधिकारियों ने टाउन हॉल का जीर्णोद्धार कराने पर सहमति जताई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अधिकारियों की कार्यशैली पर हाईकोर्ट की नाराजगी

खंडपीठ ने कहा कि एमिकस क्यूरी डॉ. सचिन आचार्य और अतिरिक्त महाधिवक्ता के प्रयासों के बावजूद राज्य सरकार के अधिकारी टाउन हॉल के जीर्णोद्धार के लिए उचित कदम नहीं उठा रहे हैं।

अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है। अब 25 नवंबर को होने वाली सुनवाई में अधिकारियों को अदालत के सामने पेश होकर जवाब देना होगा।

जयनारायण व्यास टाउन हॉल की बदहाल स्थिति को लेकर हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय होने की उम्मीद है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |