राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंडावा क्षेत्र के पीपल का बास गांव के रहने वाले 22 वर्षीय भारतीय वायुसेना के जवान आर्यन झाझड़िया का चेन्नई में ड्यूटी के दौरान पानी में डूबने से दुखद निधन हो गया। आर्यन भारतीय वायुसेना में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और करीब ढाई वर्ष पहले उनका चयन हुआ था। परिवार 14 जुलाई को उनके 23वें जन्मदिन की तैयारियों में जुटा था। माता-पिता बेटे के घर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और शुक्रवार को छुट्टी लेकर उनके आने की उम्मीद थी, लेकिन सेना से आई एक फोन कॉल ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
आर्यन बस सर्विस के संचालक भागीरथ झाझड़िया और सरोज देवी के इकलौते पुत्र थे। उन्होंने हनुमानगढ़ के संगरिया स्थित केआर स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद देश सेवा का सपना साकार करने के लिए चिड़ावा में प्रशिक्षण लिया था। वर्तमान में उनकी तैनाती चेन्नई में थी। उनके मामा चेन्नई पहुंचकर पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर शव को दिल्ली लेकर आए, जहां से पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आर्यन अविवाहित थे और घर आकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की भी योजना थी। लेकिन इस बार वे मुस्कुराते हुए नहीं, बल्कि तिरंगे में लिपटकर अंतिम विदाई के लिए अपने गांव लौटे, जिससे पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.