जयपुर के झोटवाड़ा स्थित तारानगर के संघ शक्ति भवन परिसर में आयोजित इस समारोह की शुरुआत राजा मानसिंह आमेर और मां जगदंबा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में प्रो. बी.डी. शुक्ला, कृष्णवर्धन सिंह गुढ़ागोड़जी और प्रो. विक्रम प्रकाश शुक्ला सहित कई वक्ताओं ने राजा मानसिंह आमेर के ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि राजा मानसिंह ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अनेक युद्ध लड़े, देशभर में मंदिरों का निर्माण कराया तथा कई स्थानों पर मानपुर नाम से गांव बसाए।
इस दौरान राजपूत बालिका तलवारबाजी टीम की करीब 60 बालिकाओं ने पारंपरिक तलवारबाजी कला का आकर्षक प्रदर्शन किया। फाउंडेशन की ओर से सभी प्रतिभागियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने राजा मानसिंह आमेर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मंच संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र सिंह निम्भेड़ा ने किया। बहरोड़ जिला अध्यक्ष बजरंग सिंह राजावत ने फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष बलराम सिंह खेड़ला ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में फाउंडेशन के संस्थापक आनंद सिंह सवाईपुरा, गोविंद सिंह बांकावत, शंकर सिंह निम्मी जोधा, जयपाल सिंह जादौन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों समाजबंधु मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर जिला अध्यक्ष शंकर सिंह निम्मी जोधा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.